नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव में पद गंवाने वाले चार करोड़ रुपए के गवनारोपी पूर्व प्रमुख संतोष कुमार के बाद अब 14 मई 2026 को नए प्रमुख के चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है। बीडीओ अश्विनी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित तिथि पर चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
गौरतलब है कि 18 अप्रैल 2026 को प्रखंड कार्यालय सभागार में एडीएम पीजीआरओ सह पर्यवेक्षक शंभूशरण पांडेय की मौजूदगी में प्रमुख संतोष कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। बैठक में कुल 14 पंचायत समितिं सदस्यों में से 10 सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकमत होकर प्रमुख के खिलाफ मतदान किया। बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित होने के बाद चार करोड़ रुपए के गवनारोपी संतोष कुमार को पद छोड़ना पड़ा। बीडीओ के अनुसार 14 मई को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें इच्छुक उम्मीदवार प्रस्तावक और समर्थक के साथ नामांकन दाखिल करेंगे।
एक से अधिक प्रत्याशी पर गुप्त मतदान
एक से अधिक प्रत्याशी होने की स्थिति में गुप्त मतदान कराया जाएगा और बहुमत प्राप्त करने वाला उम्मीदवार निर्वाचित घोषित किया जाएगा। नए प्रमुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रभावती देवी का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है और उन्हें कई सदस्यों का समर्थन मिलने की संभावना है। हालांकि, अंतिम फैसला चुनाव के दिन ही पता चलेगा। अब सबकी नजर 14 मई पर टिकी है, जब मेसकौर प्रखंड को नया प्रमुख मिलेगा।
भईया जी की रिपोर्ट