पटना/सहरसा : सहरसा में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन सह सम्मान समारोह में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत किया गया। डीबी रोड स्थित जिला परिषद पूजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पाग-चादर और पुष्प गुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष के सहरसा आगमन पर बलुआहा पुल, बनगांव, कहरा कुटी और महावीर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें खुले जीप में शहर भ्रमण कराया गया, जहां जयकारों और नारों के साथ उनका उत्साहपूर्ण अभिनंदन हुआ।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर बेन प्रिया ने पाग-चादर ओढ़ाकर, जबकि पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका सम्मान किया। जिला भाजपा की ओर से उन्हें त्रिशूल भी भेंट किया गया। सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है।
उन्होंने पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं से संगठन सुदृढ़ करने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने और महिला सशक्तिकरण जैसे कार्यों का उल्लेख किया।प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा सत्र में “नारी वंदन शक्ति बिल” के पारित होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, महापौर बेन प्रिया, पूर्व जिलाध्यक्ष माधव प्रसाद चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट