नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के पतरंग गांव निवासी राजकिशोर दांगी को जदयू का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जैसे ही यह खबर जिले में फैली, वैसे ही राजकिशोर दांगी को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके पूर्व राजकिशोर दांगी पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेश महासचिव के पद पर कार्यरत थे। पार्टी के प्रति उनकी वफादारी और ईमानदारी को देखते हुए पार्टी के आलाकमान ने राजकिशोर दांगी को जिलाध्यक्ष की कुर्सी सौंपी है।
जिलाध्यक्ष बनने के बाद राजकिशोर दांगी ने कहा कि सबसे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने का काम किया है। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को विश्वास दिलाता हूं कि पूरी ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करुंगा और पार्टी को मजबूत बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। नवमनोनीत जिलाध्यक्ष को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट