नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार में माहुरी मंडल के तत्वावधान में मथुरासनी देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत शिवाला मंदिर परिसर से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने देवी की पूजा कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुई।
शोभायात्रा शिवाला से निकलकर रजौली बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करती रही। इस दौरान भक्तों ने मथुरासनी देवी के जयकारे लगाए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। बाजार के कई स्थानों पर लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा का समापन पुनः शिवाला मंदिर परिसर में किया गया।
मौके पर मथुरासनी परिवार की ओर से पूरे दिन धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में स्थानीय कलाकारों ने भाग लिया। वहीं मौर्य समाज के सहयोग से श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए भोजन-प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में भारी उत्साह देखा गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भईया जी की रिपोर्ट