नवादा : जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के रसलपुरा के समीप लव-कुश पहाड़ी जंगल के पास एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा शव की पहचान गांधीनगर निवासी 35 वर्षीय मुन्ना यादव, पिता गनौरी यादव के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए जंगल की ओर गए, तभी उनकी नजर पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीण भौंचक्क रह गए और तुरंत इसकी सूचना गांव में दी गई। बाद में मृतक की पहचान होने पर परिजनों के साथ ही सीतामढ़ी थाना अध्यक्ष को भी घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी सूचना दी गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या कारण है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। वहीं परिजन भी फिलहाल घटना के संबंध में कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट