नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के सेखोदेवरा गांव में शादी के विवाद को ले हुई मारपीट ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दो घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान दशरथ चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं राहुल कुमार की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज पटना में जारी है।
घायलों में राधा देवी, शंभू चौधरी, ज्योति कुमारी, प्रीतम कुमारी और राजेश चौधरी शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति कुमारी की शादी आगामी 25 फरवरी को निर्धारित थी। वह मैट्रिक की परीक्षार्थी भी है। शादी की तैयारियों के बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, शादी समारोह को लेकर पहले से ही दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतना बढ़ जाएगा कि एक व्यक्ति की जान चली जाएगी। घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सेखोदेवरा गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट