नवादा : शिवरात्रि अर्थात शिव के साथ होने की रात। पर 2026 की शिवरात्रि समूचा भारत उस शिव के साथ जी रहा था जो ईशान(शिव) रूप में श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा ग्राउंड पर अपना तांडव मचा रहा था। ईशान किशन, इस नाम में शिव का तांडव और कृष्ण के मनमोहक बांसुरी की तान साथ-साथ सुनाई पड़ जाती है। रविवार की रात इसी ईशान किशन के तूफान के उफान में क्रिकेट मैदान का चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पूरी तरह बिखर कर रह गया। 40 बॉल 77 रन की धमाकेदार पारी ने भारतीयों को पूरी तरह से इतराने का मौका दिया।
इस बीच सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम का धुरंधर बल्लेबाज व विकेटकीपर इशान किशन के गृह जिला नवादा में लोगों ने जमकर जश्न मनाया। शहर के न्यू एरिया स्थित बोधी ट्री इंटरनेशनल स्कूल के ग्राउंड पर स्कूली बच्चों ने कुछ इस तरह धमाल मचाया कि ईशान किशन की दादी भी खुद को रोक नहीं पायी। सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉक्टर सावित्री शर्मा स्कूली बच्चों के साथ अपने पोते के तूफानी पारी को स्कूली बच्चों के साथ शेयर किया।
इस दौरान लोगों ने ईशान किशन की दादी से इनकी जुबानी ईशान के बचपन की घटनाओं को सुना। देश के लिए अपने पोते के कारनामे से गदगद डॉ सावित्री शर्मा ने कहा-आज जब लोग इशान किशन से मेरी पहचान करते हैं तो सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। इस दौरान स्कूली बच्चों सहित जिले के क्रिकेट खिलाड़ी भी मौजूद थे। ईशान किशन के पिता प्रणव पांडे उर्फ चुन्नू जी ने मोबाइल पर लोगों से बात की और भारतीय क्रिकेट टीम की जीत को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
स्कूल ग्राउंड से भांगड़ा की टीम गाते बजाते ईशान किशन के नवादा स्थित आवास सावित्री सेवा सदन पर पहुंचा। यहां पर ईशान किशन के अभिभावक तुल्य डॉ शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने नगाड़ा बजाकर खुशियां मनाई। गंभीर बीमारी से ग्रसित डॉक्टर एसपी सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाएं खुद को उर्जान्वित होने का अवसर देता है। इन्होंने ईशान किशन के जीवन की मंगल कामनाएं की। इस दौरान स्कूल के निदेशक शशांक भूषण, कौशलेंद्र नारायण सिंह, पत्रकार, रवीन्द्र नाथ भैया, मनोज कुमार, रविंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
भईया जी की रिपोर्ट