-सूचना के बावजूद अधिकारियों की चुप्पी से हर कोई हैरान
नवादा : जी हां! चौंकिए नहीं, यहां मृत व्यक्ति भी पीडीएस दुकानों से खाद्यान्न का उठाव कर रहे हैं। आश्चर्य यह कि अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराये जाने के बावजूद कार्रवाई तो दूर जांच तक आरंभ नहीं की जा सकी है। वैसे जिले के पीडीएस विक्रेताओं द्वारा अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी अनुज्ञप्ति पर खाद्यान्न की कालाबाजारी के भी उदाहरण है। वैसे लोगों को कोई और नहीं बल्कि खुद अधिकारी द्वारा बार बार गलत प्रतिवेदन के माध्यम से बचाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
जी हां! फिलहाल यहां हम बात कर रहे हैं अकबरपुर प्रखंड बुधुआ कला गांव की। राजकुमारी देवी पति राजेंद्र प्रसाद यादव की मृत्यु 27/03/2025 को हो चुकी है। मृत्यु पंजीकरण संख्या डी 2025100797700000025 दिनांक 01/09/2025 के तहत पंजीकृत किया गया है। मृत्यु के बावजूद राशनकार्ड संख्या 10350090100039230071 आधार नंबर 830900490677 के तहत दिसम्बर 2025 तक खाद्यान्न का उठाव किया गया। आश्चर्य यह कि मामले का खुलासा होने की भनक लगते ही आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर मात्र चार अंकों का आधार के तहत पुनः 03/02/2026 को उठाव किया गया है।
बता दें आपूर्ति पदाधिकारी मो. कमालुद्दीन अकबरपुर, गोविंदपुर व रोह के प्रभार में हैं। गोविंदपुर में उनके काले कारनामे का औचक निरीक्षण में विधायक विनीता मेहता ने पर्दाफाश किया है। इस बावत समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रजौली अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की जा चुकी है। बावजूद कार्रवाई तो दूर जांच तक आरंभ नहीं किया जाने से अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है।
भईया जी की रिपोर्ट