नवादा : जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती पुष्पा देवी की अध्यक्षता मे जिला परिषद सभागार में जिला परिषद की सामान्य बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती नीलिमा साहू द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जिला परिषद सदस्यों, प्रखंड प्रमुखों एवं संबंधित अधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक में बिंदुवार चर्चा करते हुए पूर्व बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की गई। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुपालन नहीं करने वाले विभागों की समीक्षा की गई तथा शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला परिषद की खाली भूमि का राजस्व हित में उपयोग किए जाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इसके अंतर्गत लीज पॉलिसी के माध्यम से भूमि देने अथवा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने हेतु किसी कंपनी को भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। जिला परिषद कार्यालय द्वारा योजनाओं से संबंधित एनओसी विगत सात माह पूर्व मांगे जाने के बावजूद अद्यतन एनओसी प्राप्त नहीं होने के विषय पर भी गंभीरता से विचार किया गया। संबंधित विभागों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15वीं वित्त आयोग से प्राप्त आवंटन के प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग पर बैठक में चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष आवास एवं कार्यालय में कंप्यूटर की व्यवस्था कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। बैठक में प्रखंड रोह के पंचायत डुमरी में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए नए भवन निर्माण पर चर्चा की गई तथा आवश्यक पहल करने पर सहमति बनी। बैठक में माननीय विधायिका, नवादा श्रीमती विभा देवी, माननीय विधायिका, गोविंदपुर श्रीमती विनिता मेहता, माननीय विधायिका, वारिसलीगंज श्रीमती अनिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सम्मानित जिला परिषद सदस्य/सदस्या एवं प्रखंड प्रमुख आदि उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट