वैशाली आज सोमवार तड़के बिहार चुनाव के लिए एक्जिट पोल सर्वे करने आए तीन लोगों की एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों में दो यूपी के और एक व्यक्ति मध्यप्रदेश का रहने वाला है। हादसा हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र के एचपी पेट्रोल पंप के पास तब हुआ जब सर्वे कर्मियों की कार तेज रफ्तार में वहां खड़े एक ट्रक से जा टकराई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जिनमें एक महिला भी शामिल है। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जाता है कि ये सभी किशनगंज में पोल सर्वे का प्रबंधन कर वापस लौट रहे थे। तभी औद्योगिक थाना क्षेत्र के नाईपर के पास तड़के जंदाहा की ओर से हाजीपुर जा रही इनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी 16 पहिए वाली ट्रक में पीछे से जा घुसी।
जानकारी के मुताबिक सभी लोग चुनावी सर्वे का काम करने मध्य प्रदेश और यूपी से बिहार आए थे। हादसे के समय ये सभी किशनगंज से लौट रहे थे। तभी अचानक उनकी कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश और यूपी के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है। कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मरने वालों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान राजाबाई चौधरी (23 वर्ष), हेमंत प्रताप यादव (24 वर्ष) और रामस्वरूप यादव (23 वर्ष) के रूप में की गई है।
वहीं, घायलों में हाजीपुर की पुष्पा चौधरी (28 वर्ष), उत्तर प्रदेश के सीतापुर की शालिनी वर्मा (26 वर्ष), सीतापुर के कपिल कुमार (24 वर्ष) और समस्तीपुर के मोहनपुर निवासी शिवम कुमार सिंह (19 वर्ष) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी लोग बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल से जुड़ा सर्वे कार्य पूरा कर किशनगंज से हाजीपुर लौट रहे थे। सर्वे कंपनी के सुपरवाइजर शिवम दुबे ने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग कंपनी के कर्मचारी थे, जो चुनावी सर्वे का काम पूरा कर लौट रहे थे। हादसे की खबर से कंपनी और परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।