दरभंगा में मब्बी थानांतर्गत शिवधारा बाजार समिति चौक के पास NH-27 पर एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार चार दोस्तों को बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक ट्रक को वहीं छोड़ मौके से फरार हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला निवासी मो. फारिश, मो. इफ्तेखार और मो. अल्ताफ नियाज के रूप में की गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जानकारी के अनुसार चारों दोस्त बीती देर रात बाकरगंज मस्जिद में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद अहले सुबह वे सभी घूमने के लिए बाइक से निकले। इसी दौरान चारों एक ही बाइक पर सवार होकर एनएच-27 की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि शिवधारा बाजार समिति चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा बहुत बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। मब्बी थानाध्यक्ष मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। चारों दोस्त एक ही TVS गाड़ी पर सवार थे। इसके साथ ही फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है। इधर हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल और घटनास्थल की ओर दौड़े। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की मौजूदगी थी, वहां अब चीख-पुकार मची है।