नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। दीपावली संपन्न होने के बाद लोग छठ पूजा की तैयारियों में जुट गये हैं। प्रजातंत्र चौक, मेन रोड, विजय बाजार, प्रसाद बिगहा, अस्पताल रोड, स्टेशन रोड और पुरानी बाजार सहित शहर के प्रमुख इलाकों में पूजा सामग्री, फल, सूप-दौरा, मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी की दुकानें सज गयी हैं। व्रती और उनके परिजन धीरे-धीरे खरीदारी शुरू कर रहे हैं। बाजार में पूजा की छोटी-बड़ी सामग्रियों के अलग-अलग भाव सामने आ रहे हैं।
सूप-दौरा से लेकर मिट्टी के चूल्हे तक के भाव
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप की कीमत 100 से 150 रुपये प्रति पीस है। बांस का दउरा 200 से 300 रुपये, छोटी टोकरी 100 से 200 रुपये और बड़ी टोकरी 200 से 350 रुपये में उपलब्ध है। पीतल का सूप 1600 से 2000 रुपये तथा पीतल का लोटा 250 से 600 रुपये तक बिक रहा है। मिट्टी की कोसी का सेट 600 से 700 रुपये और मिट्टी का चूल्हा 500 से 700 रुपये तक मिल रहा है। छोटे मिट्टी के दीये दो से पांच रुपये तथा मिट्टी का कलश 20 से 50 रुपये में उपलब्ध है। आम की लकड़ी 140 रुपये पसेरी बिक रही है।
फल और सब्जियों के बाजार भाव
छठ पूजा में चढ़ाये जाने वाले फलों की खरीदारी भी महत्वपूर्ण है। बाजार में मौसमी 60 से 90 रुपये किलो, नींबू 20 से 30 रुपये पीस, नारियल 40 से 80 रुपये पीस, केला 50 से 80 रुपये दर्जन और गन्ना 40 से 70 रुपये पीस बिक रहा है। सेब की कीमत 120 से 380 रुपये किलो और संतरा 80 से 120 रुपये किलो तक है।छठ में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों में अदरक 60 से 100 रुपये किलो, हल्दी 100 से 120 रुपये किलो, कद्दू 70 से 80 रुपये किलो, मूली 20 से 40 रुपये किलो, शकरकंद 40 से 60 रुपये किलो, सुथनी 60 से 100 रुपये किलो, आंवला 100 से 120 रुपये किलो और पानी फल 60 रुपये किलो तक उपलब्ध है। अगस्त फूल की कीमत 800 रुपये किलो बतायी गयी है।
खरना के प्रसाद की तैयारी पर भी होगा खर्च
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व होता है। इस दिन व्रती गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार करते हैं. इसके लिए गेहूं, चावल, गुड़, दूध, घी सहित अन्य सामग्रियों की खरीदारी करनी पड़ती है। बाजार में गेहूं 40 से 60 रुपये किलो, चावल 35 से 45 रुपये किलो, गेहूं की पिसाई चार से छह रुपये किलो और चावल की पिसाई पांच से आठ रुपये किलो है। खीर बनाने वाला चावल 80 से 120 रुपये किलो बिक रहा है।
इसी तरह गुड़ 65 से 80 रुपये किलो, चीनी 45 से 65 रुपये किलो, गाय का घी 700 से 1000 रुपये किलो और दूध 55 से 65 रुपये लीटर मिल रहा है। नारियल का गोला 40 से 80 रुपये पीस, किशमिश 350 से 600 रुपये किलो, काजू टूटा 700 से 1000 रुपये किलो, साबुत काजू 700 से 1800 रुपये किलो, मखाना 600 से 1200 रुपये किलो और इलायची 2500 से 4500 रुपये किलो तक बिक रही है।
पूजन सामग्री की कीमतें भी जानिए
छठ पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाली छोटी-छोटी सामग्रियों की खरीदारी में भी अच्छी-खासी राशि खर्च होती है। बाजार में सुपारी दो रुपये पीस, सिंदूर पांच से 75 रुपये, कपूर 70 से 200 रुपये, अगरबत्ती और धूपबत्ती 10 से 100 रुपये, रूई की बत्ती 10 से 30 रुपये तथा लाल-पीला कपड़ा 30 से 60 रुपये मीटर उपलब्ध है। गंगाजल की कीमत 10 से 30 रुपये तक है। छठ पर्व को लेकर कपड़ा बाजार में भी रौनक है। व्रती महिलाओं के लिए लाल, पीली और अन्य पारंपरिक रंगों की साड़ियों की मांग बढ़ी है. बाजार में कॉटन साड़ियां 500 से 2500 रुपये तक उपलब्ध हैं। महिलाएं अपनी पसंद और बजट के अनुसार साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं।
10 से 12 हजार रुपये तक पहुंच सकता है परिवार का बजट
छठ पूजा में छह से 10 सदस्यों वाले एक सामान्य परिवार को फल, सब्जियां, पूजा सामग्री, सूप-दौरा, मिट्टी के बर्तन और खरना प्रसाद की तैयारी पर करीब छह हजार रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। यदि परिवार पीतल के बर्तन, अधिक मात्रा में फल और अतिरिक्त पूजा सामग्री खरीदता है, तो खर्च 12 हजार रुपये से भी अधिक पहुंच सकता है। हालांकि, परिवार के सदस्यों की संख्या और खरीदारी के स्तर के अनुसार बजट में अंतर संभव है।
असम, बेंगलुरु और कोलकाता से मंगाये जा रहे नारियल
छठ पूजा में नारियल का विशेष धार्मिक महत्व है। अर्घ्य के दौरान सूप और दउरा में नारियल चढ़ाने की परंपरा के कारण इसकी मांग बढ़ जाती है। फल कारोबारियों के अनुसार, इस बार नारियल की आपूर्ति के लिए असम, बेंगलुरु और कोलकाता के व्यापारिक केंद्रों से संपर्क किया जा रहा है। वहां से नारियल की खेप नवादा मंगायी जा रही है, ताकि पर्व के दौरान बाजार में इसकी कमी नहीं हो।
दक्षिण भारत और बंगाल से आ रहे केले
छठ पूजा में चढ़ावे के रूप में इस्तेमाल होने वाले केले की मांग काफी अधिक है। इसकी पूर्ति के लिए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से केले मंगाये जा रहे हैं। इन राज्यों से आने वाले केले की खेप स्थानीय मंडियों तक पहुंच रही है। कारोबारियों को उम्मीद है कि छठ के नजदीक आते ही नारियल और केले की बिक्री में और तेजी आयेगी। छठ पर्व में इन दोनों फलों की विशेष महत्ता के कारण जिले का फल बाजार दूसरे राज्यों से होने वाली आपूर्ति पर काफी हद तक निर्भर रहता है।
भईया जी की रिपोर्ट