दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर आ रही लग्जरी बस यूपी के कुशीनगर जिले में सामने से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण हादसे में बस सवार 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के पास हुई। हादसे की शिकार हुई बस शिवा बस कंपनी की बताई जा रही है। मृतकों में दो पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं इस हादसे में घायल एक अन्य सात वर्षीय बच्ची का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया। कुशीनगर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि हमारे यहां चार लोग आए थे, जिनमें एक अज्ञात व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया था। जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। वहीं, एक 7 साल की बच्ची, जिसका नाम आखिरी कुशवाहा है, का कुशीनगर अस्पताल में ही इलाज किया जा रहा है।
दुर्घटना के वक्त वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुआ। जानकारी में बताया गया कि बीती शाम नई दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही प्राइवेट लग्जरी बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर दिवाली और छठ पूजा मनाने अपने घर लौट रहे थे। कुशीनगर के पास अचानक इस बस की सामने आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए।