पूर्णिया के कसबा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसमें बांध निर्माण के लिए बनाए गए गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। वाकया बीती शाम का है जब कारी कोसी नदी पर बन रहे बांध निर्माण के लिए बने पानी भरे गड्ढे में शौच के दौरान एक बच्ची अचानक गिर गई और डूबने लगी। उसे बचाने के चक्कर में साथ रहे उसके परिवार के तीन पुरुष और एक महिला एक—एक कर गए लेकिन ये सब भी उसी पानी में डूब गए। घटना कसबा के सुभाष नगर गांव की है। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्ची शामिल हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बाद में पांचों शवों को पानी से बाहर निकाला गया।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद ना सिर्फ परिजनों में बल्कि पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय विधायक अफाक आलम ने बताया कि मदरसा चौक से महावीर चौक के बीच 5 करोड़ की लागत से बांध का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण की रफ्तार धीमी थी जिस वजह से काम 5 महीने से चल रहा है। बांध निर्माण को लेकर गड्ढा किया गया था। इसी गड्ढे से मिट्टी काट कर बांध की भराई हुई थी। गड्ढे के किनारे नदी की धार थी जहां शौच जाने गई एक बच्ची का अचानक पैर फिसला और वो इसी पानी भरे धार में गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्ची को डूबता देख उसकी मां उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं। इसके बाद वह भी डूबने लगी। बच्ची और महिला दोनों को डूबता देख वहां मौजूद परिवार के 3 अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए गड्ढे में कूद गए। लेकिन ये सभी लोग भी बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पांचों शवों को नदी धार से ढूंढ निकाला गया। मृतकों में गौरी कुमारी (9), सुलोचना देवी,(32), सचिन कुमार(18), शेखर कुमार (19)और करण कुमार (20) शामिल है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और लोग बांध निर्माण कराने वाली एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।