झारखंड मुक्ति मोर्चा के बड़े नेता और पूर्व सीएम चंपई सोरेन पर सस्पेंस खत्म हो गया है। चंपई अब 30 अगस्त को भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले जेएमएम के लिए यह बड़ा झटका है। झारखंड में भाजपा के सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने यह कन्फर्म किया है कि चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में भाजपा का कमल थाम लेंगे।
हिमंता ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ चंपई की एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें उन्होंने लिखा है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के दिग्गज आदिवासी नेता चंपई सोरेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।
झामुमो के बड़े नेता चंपई सोरेन ने पार्टी नेतृत्व पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया था और घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में फैसला करेंगे। माजूदा सीएम हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद चंपई सोरेन ही मुख्यमंत्री बने थे और तब उन्होंने ही पार्टी और झारखंड की कमान संभाली थी। हेमंत के जेल से बाहर आते ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।