बीते दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने सहयोगी मंत्री निशांत कुमार और विजय चौधरी के साथ कच्ची दरगाह—विदुपुर नीतीश सेतु का निरीक्षण करने पहुंचे। लेकिन यहां एक ऐसा वाकया पेश आया जिसने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। राघोपुर से सामने आए एक वीडियो में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे एक कर्मी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को धक्का देकर पीछे कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि इसके बाद निशांत कुमार नाराज होकर वहां से निकल गए। इस घटना पर एनडीए की सम्राट सरकार में सहयोगी JDU भड़क उठी है। सीएम सम्राट चौधरी के सुरक्षा गार्ड द्वारा मंत्री निशांत कुमार को रोके जाने की घटना को JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने दुखद बताते हुए गुनाहगार को चिन्हित करने की मांग की है।
दरअसल, 21 नवंबर को पीएम मोदी इसी कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन करने वाले हैं। इसी उद्घाटन समारोह की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान हुए इस वाकये के बाद राज्य में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे किए जाने की घटना को आरजेडी ने नीतीश कुमार के राजनीतिक फैसलों से जोड़ दिया और पार्टी के नेताओं ने निशांत को मुख्यमंत्री बनने योग्य बता दिया। इस पूरे वाकये के वायरल वीडियो में सीएम सम्राट के बॉडीगार्ड निशांत कुमार को हाथ लगाकर पीछे धकेलते दिख रहे हैं। इसी बात को उठाते हुए राजद ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पिता ने कुर्सी प्रेम में समाजवाद छोड़कर ‘संघवाद’ को चुन लिया तो बेटे को खामियाजा तो भुगतना ही पड़ेगा। अभी तो बहुत जलील होना बाकी है। पिता तो अपना सत्ता सुख भोग लिए!
हालांकि फिलहाल JDU इस पूरी घटना को सियासी रंग देने से बच रही है। जहां नीरज कुमार ने घटना के दोषी को चिह्नित करने की मांग की है, वहीं डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा है कि निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जदयू कार्यकर्ता सबसे ज्यादा खुश होंगे। उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया कि निशांत कुमार को आगे बढ़ाया जा सकता है। जदयू का यह भी तर्क है कि सुरक्षा घेरा प्रोटोकॉल का हिस्सा होता है और मुख्यमंत्री के आसपास सुरक्षा कर्मी किसी को भी सटने नहीं देते। इसे अपमान कहना राजनीति है। निशांत कुमार ने खुद भी इस पर कोई शिकायत नहीं की है। जानकार कहते हैं कि जदयू के अंदर निशांत कुमार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विरासत के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में पार्टी नहीं चाहती कि निशांत नाराज होकर विपक्ष के करीब जाएं। फिलहाल इस वाकये पर निशांत कुमार चुप हैं, नीतीश कुमार चुप हैं और सम्राट चौधरी ने भी इस वीडियो पर कुछ नहीं कहा है।