पूर्णिया के भवानीपुर में निगरानी ब्यूरो की टीम ने आज गुरुवार को एक चाय दुकान पर छापा मारकर जमीन मापी के बदले 20 हजार घूस लेते सरकारी अमीन प्रमोद उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित की शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड कार्यालय परिसर के गेट पर स्थित चाय दुकान में यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अमीन की पहचान भवानीपुर अंचल में पदस्थापित अमीन प्रमोद उरांव के रूप में हुई है। निगरानी की इस कार्रवाई के बाद अंचल सह प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निगरानी टीम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी संतोष कुमार ने किया।
इस मामले में पीड़ित शिकायतकर्ता विलास साह ने बताया कि अमीन प्रमोद उरांव जमीन की मापी करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह मापी करने नहीं जाता था, जिसके कारण उन्हें अंचल कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इससे परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग को लिखित शिकायत दी थी।
निगरानी डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि माधवनगर निवासी पीड़ित विलास साह ने अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि अमीन प्रमोद उरांव जमीन की मापी करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह मापी करने नहीं जाता था, जिसके कारण पीड़ित को अंचल कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
अमीन द्वारा मापी के लिए रिश्वत मांगे जाने से परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी ब्यूरो से की। विभाग ने सबसे पहले इस शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद टीम ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप स्थित एक चाय की दुकान पर जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने अमीन को 20 हजार रुपये सौंपे, वहां पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी अमीन को अपने साथ लेकर पटना रवाना हो गई जहां उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।