नवादा : अग्निशमन विभाग की अपर निदेशक सह राज्य अग्निशमन पदाधिकारी-द्वितीय कामिनी बाला गुरुवार को नवादा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कामिनी बाला ने पूजा समिति के सदस्यों से कहा कि वे अग्नि सुरक्षा से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पंडालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखें तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी नहीं करें।

उन्होंने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी ममता कुमारी, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, अग्निक मुकेश कुमार, जितेंद्र कुमार सहित अग्निशमन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट
