नवादा : जिले के हसुआ ज्ञान भारती मॉडल रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम्’ कवि सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में ज्ञान भारती विद्यालय के सौजन्य से होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों के कवि शामिल होंगे। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में कवि सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक सह राष्ट्रीय कवि संगम के जिला उपाध्यक्ष और व्यंग्यकार उदय भारती ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वें वर्ष के अवसर पर देशभर में कवि सम्मेलन आयोजित किये जा रहे हैं। बिहार में कुल 150 कवि सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इसी कड़ी में नवादा में तीसरे कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता नवादा के वरिष्ठ कवि दीनबंधु करेंगे।
इसमें जहानाबाद से राणा वीरेंद्र सिंह, नालंदा से नवनीत कृष्णा, समस्तीपुर से रंजना लता और विवेक वशिष्ठ शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से कवि अपनी रचनाओं के जरिये राष्ट्रीय गीत और देशप्रेम से जुड़े भावों को प्रस्तुत करेंगे। ज्ञान भारती के प्रबंधक विजय शंकर उर्फ पिंटू जी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। बाल कवि मंच का संचालन करेंगे। इसके साथ ही विद्यालय के बच्चे भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को बेहतर और संदेशपरक बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट

