नवादा : जिले के अकबरपुर बाजार प्रखंड क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। आसपास के दर्जनों गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों, खरीदारी, बैंकिंग और अन्य कार्यों के लिए इसी बाजार पर निर्भर रहते हैं। सुबह से शाम तक बाजार में लोगों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित जगह नहीं होने से यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े किये जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है।

बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग दुकानों के सामने या सड़क किनारे अपनी सुविधा के अनुसार वाहन खड़े कर देते हैं। कुछ देर के लिए वाहन खड़ा करने की यह प्रवृत्ति अब यातायात की बड़ी समस्या बन गयी है। सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की पार्किंग होने से आवागमन के लिए कम जगह बचती है। इससे कई बार वाहनों की कतार लग जाती है और राहगीरों को भी परेशानी होती है।
बाजार की यातायात समस्या हाल में बने खुरी नदी पुल के आसपास भी दिखाई देने लगी है। पुल के किनारे पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथ पर ठेले और अतिक्रमण के कारण पैदल राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। फुटपाथ पर जगह नहीं मिलने से लोगों को सड़क से होकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
बाजार में पार्किंग की समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रही है. दुकानों के सामने वाहनों की भीड़ और जाम के कारण ग्राहक कई बार दुकानों तक पहुंचने से कतराते हैं। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने की जगह तलाशनी पड़ती है। दुकानदारों का मानना है कि व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलने से ग्राहकों को सहूलियत होगी और कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

सामान्य दिनों में भी पार्किंग की समस्या बनी रहती है, लेकिन त्योहारों, शादी-विवाह के मौसम और साप्ताहिक बाजार के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. दीपावली और छठ जैसे पर्वों पर खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचते हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर दबाव बढ़ जाता है और जाम की समस्या विकराल हो जाती है। अलग पार्किंग स्थल नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
बाजार में बैंक और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास भी पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जरूरत है। बैंकिंग कार्यों के लिए आने वाले लोग अपने वाहन आसपास खड़े कर देते हैं। इससे बाजार के व्यस्त हिस्सों में आवागमन बाधित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार की समस्या का समाधान केवल वाहन चालकों पर कार्रवाई करने से नहीं होगा। इसके लिए प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलकर पहल करनी होगी। बाजार में खाली सरकारी या अन्य उपयुक्त जमीन की पहचान कर स्थायी पार्किंग स्थल विकसित करने की जरूरत है। साथ ही सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र चिह्नित करने, दुकानों के सामने बेतरतीब वाहन खड़े करने पर नियंत्रण और जरूरत के स्थानों पर पुलिस या यातायात कर्मियों की तैनाती की मांग उठ रही है।
स्थानीय अधिकारियों ने इन समस्याओं को लेकर कार्रवाई करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द प्रयास किये जाएंगे। बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को राहत देने के लिए प्रशासनिक पहल की उम्मीद की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट
