नवादा : वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दोसुत गांव निवासी गल्ला व्यवसायी दीपू साव की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में उनके भाई दिलीप साव ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। घटना 20 नवंबर की है। जानकारी के अनुसार, दीपू साव देवोत्थान पर्व को लेकर गन्ना खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवादा-जमुई पथ पर रेड रोज स्कूल के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपू साव को इलाज के लिए विम्स पावापुरी में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
व्यवसायी की मौत की खबर मिलते ही दोसुत गांव में मातम पसर गया। परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गयी। दीपू साव की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोसुत मोड़ के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। दीपू साव अपने पीछे पत्नी किरण देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गये हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट