नवादा : चार महीने की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु के जागते ही जिले में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गयी। देवोत्थान एकादशी के अवसर पर जिला मुख्यालय समेत आसपास के गांवों में श्रद्धा और उल्लास के साथ तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। इस दौरान घर-घर धार्मिक अनुष्ठान हुए। महिलाओं ने पारंपरिक मंगलगीत गाकर विवाह की रस्में निभायीं। देवोत्थान एकादशी को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। लोगों ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की।
इसके बाद तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विधि-विधान से विवाह कराया गया। पर्व को लेकर बाजारों में गन्ने की मांग बढ़ गयी। खरीदारी के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाते हैं।
मान्यता है कि इसी दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह हुआ था। कंचन देवी, शीला देवी, उर्मिला देवी, नेहा कुमारी, खुशबू कुमारी और चांदनी कुमारी सहित अन्य महिलाओं ने तुलसी के पौधे के समीप बैठकर मंगलगीत गाये। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी कीं। पूरे जिले में भक्ति, आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा।
भईया जी की रिपोर्ट