नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र हरदिया पंचायत की सुदूरवर्ती चरघरवा गांव स्थित वन क्षेत्र में जंगल की जमीन पर अवैध रूप से जुताई कर खेत बनाने की कोशिश कर रहे दो लोगों को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। मौके से जुताई में लगा एक ट्रैक्टर और एक बाइक जब्त की गयी। वन विभाग ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन क्षेत्र पदाधिकारी नारायण लाल सेवक को घने जंगल के भीतर ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई किये जाने की गुप्त सूचना मिली। बताया गया कि पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाकर जमीन को समतल कर कृषि योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही रेंजर ने टीम गठित की और पुलिस के सहयोग से घटनास्थल पर छापेमारी की। अभियान में फॉरेस्टर आदर्श कुमार और सुमित कुमार तथा वनरक्षी रंजन कुमार, रवि कुमार, रणवीर कुमार, नीतीश कुमार, विपिन कुमार, प्रहलाद कुमार और राकेश कुमार सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे।
पकड़े गये आरोपितों की पहचान बलिया गांव निवासी किशन साव के पुत्र पप्पू कुमार साव और फुलवरिया गांव निवासी एक विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई है। वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दोनों को नवादा में मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। नाबालिग होने के कारण विधि-विरुद्ध बालक को मुक्त कर पप्पू कुमार साव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
रेंजर नारायण लाल सेवक ने कहा कि वन क्षेत्र में सक्षम अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की गतिविधि अवैध है। वन संपदा की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने के लिए विभाग की ओर से नियमित गश्ती की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जंगल की जमीन पर अवैध कब्जा करने, पेड़ों की कटाई और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
भईया जी की रिपोर्ट