नवादा : जिले में छुट्टी में घर आया भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक जवान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। हैरानी की बात यह है कि जवान की चारपहिया गाड़ी घर से महज 50 मीटर पहले खड़ी मिली, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब जवान का पता नहीं चला, तो परेशान परिजनों ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है। लापता जवान की पहचान 40 वर्षीय तुलसी कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बरेली में आईटीबीपी में कार्यरत हैं। फिलहाल छुट्टी पर नवादा शहर के गांधी नगर मोहल्ला स्थित अपने आवास आये हुए थे।
परिजनों के अनुसार तुलसी कुमार अपने भाई लक्ष्मण कुमार और पुत्र सुधांशु कुमार के साथ चारपहिया वाहन से वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव मोसमा गये थे। वहां से देर शाम तीनों नवादा लौटे। बताया जाता है कि घर पहुंचने से करीब 50 मीटर पहले तुलसी कुमार ने अपने भाई और बेटे को आगे घर चले जाने को कहा। उन्होंने खुद कुछ देर बाद आने की बात कही। भाई और बेटा घर पहुंच गये, लेकिन तुलसी कुमार वापस नहीं लौटे। देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गयी। जब खोजबीन शुरू हुई, तो घटनास्थल पर उनकी चारपहिया गाड़ी खड़ी मिली, लेकिन तुलसी कुमार का कहीं पता नहीं चला।
जवान के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की। काफी प्रयास के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजन नगर थाना पहुंचे और आवेदन देकर जवान का पता लगाने तथा उनकी सकुशल बरामदगी की मांग की। घर से चंद कदमों की दूरी पर जवान आखिर कहां गायब हो गये, यह सवाल परिजनों को परेशान कर रहा है। छुट्टी पर घर आये जवान के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। अब परिजनों को पुलिस की जांच और जवान की सकुशल वापसी का इंतजार है।
भईया जी की रिपोर्ट