नवादा : सिरदला प्रखंड क्षेत्र के खनपुरा गांव में पांच किलोमीटर की मिनी मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीआरपीएफ जवान चंदन कुमार की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं और धावकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रजौली के डीसीएलआर कैसर इमाम मौजूद रहे। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
वहीँ, विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के जिला प्रवक्ता रंजन कुमार बबलू, राजद नेत्री पिंकी भारती, रजौली नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रमोद चंद्रवंशी, खनपुरा पंचायत की मुखिया अजय राजवंशी, उप मुखिया सुंदर यादव, पंचायत समिति सदस्य दीपक कुमार, ग्रामीण चिकित्सक अरुण प्रसाद और ग्रामीण कौशल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रेरित करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में खनपुरा गांव के करण कुमार, पिता प्रीतम राम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसी गांव के विक्रम कुमार, पिता जानकी राजवंशी दूसरे और राजा कुमार, पिता सुधीर राजवंशी तीसरे स्थान पर रहे। शीर्ष तीन विजेताओं को ट्रॉफी और मुखिया के हस्ताक्षर युक्त पंचायत स्तरीय प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शीर्ष 20 धावकों में शामिल अरुण, नितीश कुमार, मंटू कुमार यादव, प्रमोद कुमार, रमेश, अरुण, अक्षय, मंटू, रौशन पासवान, विपिन कुमार, मुकेश कुमार, सन्टंबर हरिनन्दन, राहुल, नितीश कुमार, प्रवीण कुमार और गुलशन को मेडल व प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने की1 प्रेरणा मिलती है। अतिथियों ने प्रतियोगिता के आयोजक सीआरपीएफ जवान चंदन कुमार की सराहना की।
भईया जी की रिपोर्ट