नवादा : जिले के हसुआ प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109 वीं जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके बताये रास्ते पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विजय कुमार ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की एक सशक्त और दूरदर्शी नेता थीं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। रजनीकांत दीक्षित ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हरित क्रांति के माध्यम से देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया। वहीं, बैंकों के राष्ट्रीयकरण जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर गरीबों और वंचितों को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया।
वहीँ, सत्येंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मुकेश कुमार, रामजन्म सिंह, सुरेंद्र यादव, छोटेलाल यादव, संजय सिंह, आमों सिंह, रविंद्र कुमार, रामाशीष कुमार आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किया ।सभी ने उनके बताये रास्ते पर चलने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
भईया जी की रिपोर्ट