नवादा : साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन नवादा की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अकबरपुर प्रखंड के भनैल, लोदीपुर, पिपरा सहित कई गांवों में साइबर पपेट शो (कठपुतली प्रदर्शन) के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया।
इस अनूठी पहल के तहत कठपुतलियों के संवाद और मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी साझा करने और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताये जा रहे हैं। लोगों को समझाया जा रहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां साझा नहीं करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करायें। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और अशिक्षित लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां सरल, सहज और मनोरंजक तरीके से पहुंचाना है, ताकि वे डिजिटल ठगी के प्रति सतर्क रहें और साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
भईया जी की रिपोर्ट