नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने डीआरडीए सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, रोगों की स्क्रीनिंग, रेफरल व्यवस्था एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच (ANC) सुनिश्चित कराई जाए। प्रथम प्रसव पूर्व जांच के दौरान एचआईवी एवं सिफलिस की अनिवार्य जांच कराने का भी निर्देश दिया।
वहीँ, समीक्षा के क्रम में पाया गया कि रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में रात्रि के दौरान भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या का पोर्टल पर अंकन अपेक्षाकृत सबसे कम है। जिला पदाधिकारी ने अस्पताल उपाधीक्षक, रजौली को निर्देश दिया कि रात्रि में भर्ती होने वाले सभी मरीजों का विवरण अनिवार्य रूप से संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आंकड़ों का सही एवं अद्यतन संधारण हो सके।
उन्होंने सभी रेफरल अस्पतालों में सुरक्षा, साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए डीपीएम स्वास्थ्य को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध कार्रवाई एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में संचारी रोग पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी के दौरान टीबी (क्षय रोग) मरीजों की नियमित स्क्रीनिंग नहीं की जा रही है, जिसके कारण संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान नहीं हो पा रही है।
समीक्षा के क्रम में रोह, कौआकोल, वारिसलीगंज, सिरदला, पकरीबरावां एवं अकबरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीबी स्क्रीनिंग की स्थिति सबसे कम पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों (एमओआईसी) को सख्त निर्देश दिया कि अपने-अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी के दौरान आने वाले मरीजों की निर्धारित मानकों के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में परिवार नियोजन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। पुरुष नसबंदी पखवाड़ा (NSV Fortnight) के सफल आयोजन एवं परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी NSV पखवाड़ा (07 से 19 दिसंबर 2026) के लिए निर्धारित लक्ष्य एवं Eligible Couple Listing (ELA) पर चर्चा की गई। जिले में पुरुष नसबंदी के लिए 90 तथा महिला नसबंदी के लिए 1,420 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त IUCD के लिए 2,420 तथा अंतरा (MPA) के लिए 3,685 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 23 से 28 नवंबर तक वर्क प्लान तैयार किया जाएगा तथा 29 नवंबर से 06 दिसंबर तक Eligible Couple Survey एवं सामुदायिक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वहीं, 07 दिसंबर को NSV मेला, मीडिया ब्रीफिंग एवं जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। बैठक में पुरुषों की परिवार नियोजन में भागीदारी बढ़ाने, लाभार्थियों का पूर्व पंजीकरण एवं काउंसलिंग, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नसबंदी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा दैनिक रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही ICDS, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, जीविका एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से सामुदायिक बैठकों, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य मेला एवं IEC गतिविधियों के माध्यम से पुरुष नसबंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने पर बल दिया । जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक समाहर्त्ता श्री प्रिंस कुमार, सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डीपीएम (स्वास्थ्य) श्री अजय कुमार, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती निरूपमा शंकर के साथ-साथ सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम एवं सीडीपीओ उपस्थित थे।