नवादा : जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र के जंगली व पहाड़ी क्षेत्रों चटकरी और विलासपुर गांवों में लंबे समय से चली आ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर होने की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार ने दोनों गांवों को डिजिटल भारत निधि के तहत वित्तपोषित 4G सैचुरेशन मोबाइल परियोजना में शामिल करते हुए मंजूरी दे दी है। इस फैसले से गांवों में बेहतर मोबाइल नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी का रास्ता साफ हुआ है। स्थानीय विधायक विमल राजवंशी ने दोनों गांवों में नेटवर्क की समस्या को लेकर लगातार प्रयास किए थे।
उन्होंने इस संबंध में बीएसएनएल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर तकनीकी सर्वे कराने और मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की थी। इसके बाद नवादा के सांसद विवेक ठाकुर के माध्यम से यह मामला केंद्रीय संचार मंत्रालय तक पहुंचाया गया। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दोनों गांवों को 4G सैचुरेशन मोबाइल परियोजना के तहत स्वीकृति प्रदान की। इस पहल में सांसद विवेक ठाकुर का भी सहयोग रहा।
मालूम हो कि चटकरी और विलासपुर के ग्रामीण लंबे समय से कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या झेल रहे थे। नेटवर्क की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, आम लोगों को बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल में परेशानी होती थी। स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
परियोजना के तहत मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े काम आसान होने की उम्मीद है. इस मंजूरी के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार और संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया है।
भईया जी की रिपोर्ट