नवादा : हसुआ-नवादा मुख्य मार्ग पर खानपुर मोड़ के समीप एक सड़क हादसे में वृद्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान खानपुर गांव निवासी महावीर यादव की पत्नी कुंती देवी (65 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
दरअसल, कुंती देवी खेत से धान काटकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान खानपुर मोड़ के पास वह अचानक सड़क पर आ गईं। हसुआ की ओर से नवादा जा रहे बाइक सवार ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक तुंगी के समीप मिर्जापुर का रहने वाला है और शादी का निमंत्रण देने के लिए नवादा जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़ लिया और सड़क जाम कर विरोध जताया।
घटना की सूचना मिलते ही उमेश राय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क जाम समाप्त करवाया। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों को पारिवारिक राहत राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
भईया जी की रिपोर्ट