नवादा : नियुक्ति की मांग को लेकर 14 वर्षों से इंतजार कर रहे परिचारी पद के अभ्यर्थियों ने अब जिलाधिकारी का दरवाजा खटखटाया है। जिले के 570 अभ्यर्थी का नियुक्ति होना है। अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग, पटना से विज्ञापन की तिथि पर उपलब्ध रिक्त पदों और अभ्यर्थियों के योगदान नहीं करने से खाली रह गये पदों का सही आकलन कर सभी विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
दरअसल, बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग के अभ्यर्थियों द्वारा 47 दिनों तक चले राज्यस्तरीय धरने और वार्ता के बाद सामान्य प्रशासन विभाग की अपर सचिव विनीता कुमारी ने नवंबर में नवादा समेत 28 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर रिक्तियों की स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। विभाग ने 18 दिसंबर 2019 को पटना हाइकोर्ट द्वारा दिये गये आदेश के अनुपालन में विज्ञापन की तिथि पर उपलब्ध रिक्तियों तथा योगदान नहीं करने के कारण खाली रह गये पदों की जानकारी भी मांगी है।
वर्ष 2012 में परिचारी पद के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके बाद लंबी न्यायिक प्रक्रिया चली। पटना हाइकोर्ट के 18 दिसंबर 2019 के आदेश के अनुपालन में बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 19 सितंबर 2024 को दशमी स्तर और 15 दिसंबर 2024 को आठवीं स्तर की परीक्षा आयोजित की गयी थी। इन परीक्षाओं में कुल 10,784 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बावजूद राज्य के 28 जिलों में 9,719 अभ्यर्थी अब तक नियुक्ति से वंचित बताये जा रहे हैं। इनमें जिले के 570 अभ्यर्थी शामिल हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों से नियुक्ति की उम्मीद लगाये बैठे उम्मीदवारों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से रिक्त पदों का सही आकलन कर इसकी रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग और बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग को भेजने की मांग की है, ताकि वर्षों से लंबित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान कृष्णकांत प्रसाद, सतीश कुमार, फिरोज कुमार, आशीष कुमार, प्रवीण कुमार, रिंकी कुमारी, विपिन कुमार, राकेश कुमार, नीरज कुमार समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद थे।
भईया जी की रिपोर्ट