नवादा : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से मिटाने और बेटियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के अकबरपुर स्थित प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, नवादा के तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत की गयी।
कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गयी। और बताय गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह कराना, इसमें सहयोग करना या आयोजन में शामिल होना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। छात्राओं को बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से लड़कियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे उनकी शिक्षा बाधित होती है और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी सीमित हो जाते हैं।
वहीँ बताया गया कि बाल विवाह केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि समाज के विकास में भी बड़ी बाधा है। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने तथा इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
भईया जी की रिपोर्ट