नवादा : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निदेशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा द्वारा दिनांक 20.11.2026 को संयुक्त श्रम भवन के प्रांगण में दिव्यांगजनों के लिए एकदिवसीय रोजगार कैंप-सह-कैरियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में एलआईसी ऑफ इंडिया, नवादा द्वारा बीमा सखी, आरएसए एवं एलआईसी एजेंट के कुल 40 रिक्त पदों पर नियोजन किया जाएगा। रोजगार मेले का आयोजन पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा।
उन्होंने बताया कि इस नियोजन कैंप में मैट्रिक उत्तीर्ण दिव्यांग अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 5,000 रुपये से 7,000 रुपये तक वेतन के साथ इंसेंटिव देय होगा। अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित उम्र सीमा 18 से 60 वर्ष है तथा कार्यस्थल नवादा होगा। इच्छुक दिव्यांगजन अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं आईडी कार्ड की छायाप्रति, रंगीन फोटो तथा बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर संयुक्त श्रम भवन के प्रांगण में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का बिहार रोजगार सेतु पोर्टल एवं एनसीएस पोर्टल पर निबंधित होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का निबंधन नहीं हुआ है, वे बिहार रोजगार सेतु पोर्टल एवं एनसीएस पोर्टल पर स्वयं अथवा जिला नियोजनालय के माध्यम से अपना निबंधन कराकर रोजगार कैंप में भाग ले सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियोजक निजी क्षेत्र के हैं तथा नियोजन की शर्तों के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिला नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट