नवादा : जिला पदाधिकारी, रवि प्रकाश की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की पीपीटी (PPT) के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। राजस्व शाखा की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने जिले में BMSICL की संचालित परियोजनाओं के लिए चिह्नित भूमि के संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) निर्गत करने एवं भूमि का सीमांकन कराने हेतु संबंधित अंचलाधिकारियों को आवश्यक प्रतिवेदन एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार, जिले के शहरी क्षेत्रों में शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (UHWC) के नए भवन निर्माण हेतु अंचलाधिकारी, नवादा सदर, वारिसलीगंज, हिसुआ एवं रजौली को भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत संबंधित स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई एवं कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु अंचलाधिकारी, नवादा सदर एवं रजौली को भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
भू-अर्जन की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि एनएच-20 पर अकबरपुर प्रखंड में सर्विस लेन से संबंधित अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ है, जबकि एनएच-82 परियोजना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि रैयतों द्वारा पूर्ण कागजात जमा नहीं किए जाने एवं अनेक भूखंडों पर आपसी सहमति नहीं बनने के कारण भुगतान लंबित है। कार्यालय द्वारा संबंधित रैयतों को नोटिस निर्गत कर आवश्यक कागजात की मांग की गई है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि रैयतों को नोटिस निर्गत करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर लंबित भुगतान अविलंब सुनिश्चित करें। पंचायती राज विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने बताया कि कोचगांव पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, लेकिन संबंधित भूमि पर कुछ ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को उक्त भूमि का स्थलीय निरीक्षण करते हुए नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
साथ ही, सभी अंचलाधिकारियों को शेष पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्याओं का शीघ्र निष्पादन कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में सरकारी भवनहीन विद्यालयों के भवन निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी अकबरपुर, पकरीबरावां एवं नरहट को छोड़कर शेष सभी अंचलाधिकारियों को विद्यालय भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिह्नित कर नजरी नक्शा सहित प्रस्ताव एवं विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के छात्रावास घटक के तहत अम्बेदकर कल्याण छात्रावास का निर्माण सिरदला, कौआकोल, काशीचक, रोह, मेसकौर एवं गोविंदपुर में कराया जाना है। इनमें मेसकौर, सिरदला एवं रोह से भूमि प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है, जबकि शेष अंचलों से भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को शीघ्र भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 49,700 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अभियान चलाते हुए लंबित जीवन प्रमाणीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। जीविका की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले के कुल 08 प्रखंडों (मेसकौर, सिरदला, नवादा सदर, काशीचक, नारदीगंज, अकबरपुर, रजौली एवं कौआकोल) में दीदी अधिकार केंद्र की स्थापना हेतु प्रखंड कार्यालय परिसर में उपयुक्त सरकारी भवन की आवश्यकता है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दीदी अधिकार केंद्र की स्थापना के लिए उपयुक्त सरकारी भवन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में कायाकल्प अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही, सहयोग शिविर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने तथा निष्पादन संबंधी प्रतिवेदन पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, श्रम, बाल संरक्षण, योजना, जीविका, पीएचईडी, भवन निर्माण एवं आपूर्ति सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन, वन प्रमंडल पदाधिकारी; गोपनीय शाखा प्रभारी; डीसीएलआर, नवादा सदर; स्थापना प्रभारी; प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट