नवादा : जिले के पकरीबरावां अंचल कार्यालय के समीप भारतीय किसान संघ की ओर से 19 सूत्री राजस्व संबंधी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सरकार से उनके शीघ्र समाधान की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि में वृद्धि करने की मांग की। साथ ही कैथी भाषा में लिखे दस्तावेजों का सरकार के खर्च पर अनुवाद कराकर किसानों को उपलब्ध कराने, किसानों का मालिकाना हक निर्बाध रूप से कायम रखने तथा पुराने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठायी।
इसके अलावा भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया में सुधार, उद्योगों के लिए भूमि अधिग्रहण की उचित व्यवस्था तथा मठ-मंदिरों एवं धार्मिक न्यास की भूमि का संरक्षण और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। धरना समाप्त होने के बाद किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अंचलाधिकारी से आग्रह किया गया कि वे संघ की मांगों को अपने माध्यम से राजस्व मंत्री तक पहुंचाएं, ताकि किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष बालमुकुंद शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड मंत्री अशोक सिंह ने किया। मौके पर आर्थिक शोध संस्थान, बिहार के मनोज कुमार, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार, महेंद्र प्रसाद शर्मा, पप्पू सिंह, निरंजन कुमार, शालिग्राम सिंह, उदय सिंह, अर्जुन सिंह, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान संघ के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट