नवादा : मगध विश्वविद्यालय, बोधगया की अंगीभूत इकाई टीएस कॉलेज, हसुआ के गणित विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रजनीश देव का अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। प्राचार्य प्रो. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. रजनीश देव छठ पूजा की छुट्टी में अपने पैतृक घर आरा गये हुए थे। 14 नवंबर को उनके निधन की सूचना मिली। छठ पूजा की छुट्टी के बाद 17 नवंबर को कॉलेज खुलने पर प्राचार्य के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कॉलेज शिक्षक संघ के पूर्व सचिव और मूटा संयोजक प्रो. अंजनी कुमार ने डॉ. रजनीश देव के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे गणित के विद्वान शिक्षक थे और छात्र-छात्राओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। शिक्षक संघ के सचिव डॉ. संजय कुमार ने भी अपने साथी शिक्षक के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा महाविद्यालय परिवार डॉ. रजनीश देव के परिवार के साथ है।
शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के सचिव और महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि डॉ. रजनीश देव के निधन से पूरा महाविद्यालय परिवार मर्माहत है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से गणित विषय में उनकी नियुक्ति हुई थी। 18 सितंबर 2024 से वे महाविद्यालय में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि डॉ. रजनीश देव सौम्य स्वभाव के शिक्षक थे और हमेशा छात्रहित में कार्य करते थे।
शिक्षक संघ के सचिव डॉ. संजय कुमार और कर्मचारी संघ के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. रजनीश देव के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने का सामूहिक निर्णय लिया है। शोकसभा में सेवानिवृत्त कर्मचारी अनिल कुमार के निधन पर भी दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी। शोकसभा में वरीय शिक्षक डॉ. मिथिलेश पासवान, डॉ. परमानंद राम, डॉ. पूनम भारती, डॉ. एसएन प्रभाकर, डॉ. नागेंद्र दास, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. दिव्या पांडेय, डॉ. गरिमा वर्मा, डॉ. चंदन कुमार, डॉ. शांडिल्य, अनिल कुमार, अजय कुमार शर्मा, डॉ. शेखर, शैलेंद्र कुमार, प्रधान सहायक राजेश कुमार, सिंधुकांत, शंकर, राधारमण सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट