नवादा : जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी अभिनव धीमान ने आठ पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में कई थानों के थानाध्यक्षों के साथ अंचल पुलिस निरीक्षकों की भी नई पदस्थापना की गई है। ऐसा ” भैया जी” की लगातार सप्रमाण खबरें मगध आईजी विकास वैभव को उपलब्ध कराये जाने के बाद एसपी पर दबाव के बाद संभव हो सका। जारी आदेश के अनुसार, थाली थानाध्यक्ष दीपक कुमार को रजौली का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, हसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार को वारिसलीगंज, कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह को हसुआ तथा वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी को कौआकोल थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को वारिसलीगंज का अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। हसुआ के अंचल पुलिस निरीक्षक दिगंबर कुमार को रजौली, वारिसलीगंज के अंचल पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को हसुआ का अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।
हसुआ थाना में पदस्थापित एसआई परदेसी कुमार को थाली थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी ने सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने तथा योगदान प्रतिवेदन कार्यालय में समर्पित करने का निर्देश दिया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले की पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट