नवादा : विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को विकसित करने, विषयगत कमजोरियों को दूर करने तथा बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की पहल ‘संकल्प संध्या’ (Evening Classes) का आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा में विधिवत शुभारंभ किया गया।
‘संकल्प संध्या’ के तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के अतिरिक्त निःशुल्क शैक्षणिक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अंतर्गत अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को कठिन विषयों को समझने, अभ्यास करने, अपनी शैक्षणिक कमजोरियों को दूर करने तथा आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी।
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक संध्या कक्षाएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत संरचना, स्मार्ट बोर्ड एवं डिजिटल संसाधनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस पहल के शुभारंभ के अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि नियमित कक्षाओं के अतिरिक्त इस व्यवस्था से उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय एवं बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे वे अपनी कमजोरियों को दूर कर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। ‘संकल्प संध्या’ सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री सुभाष कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुश्री वर्षा अ., श्री रिशु राज एवं श्री शिव कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट