-स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल
नवादा : लोजपा रामविलास के जिला प्रवक्ता पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए रजौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विमल राजवंशी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आईं।
विधायक ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई बेड पर मरीजों के लिए चादर नहीं मिली। वहीं, पिंकू सेंटर और अल्ट्रासाउंड सेवा बंद पाए गए। इसके अलावा डॉक्टरों के रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहने की बातें भी सामने आई। अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोजपा प्रवक्ता ने बताया कि विधायक विमल राजवंशी ने कहा कि रजौली अनुमंडलीय अस्पताल की इन समस्याओं को विधानसभा में उठाया जाएगा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट