नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर द्वापरकालीन हंडिया सूर्य मंदिर परिसर में साफ-सफाई का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, यह काम प्रशासन के भरोसे नहीं, बल्कि ग्रामीणों के सहयोग और श्रमदान से किया जा रहा है। मंदिर परिसर में स्थित पवित्र सरोवर काई, जलकुंभी और गंदगी से भर गया था। मान्यता है कि इस सरोवर में लगातार पांच रविवार स्नान करने से कुष्ठ रोग से मुक्ति मिलती है। छठ से पहले सरोवर और मंदिर परिसर की बदहाली देखकर स्थानीय युवाओं ने खुद सफाई की जिम्मेदारी उठायी।
श्रद्धालुओं का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से नवादा शहर के सूर्य मंदिर, मिर्जापुर और शोभनाथ घाटों पर जेसीबी, ट्रैक्टर और रोशनी की व्यवस्था की गयी है। डीएम और एसपी ने भी घाटों का निरीक्षण किया, लेकिन हंडिया जैसे प्रसिद्ध सूर्य मंदिर की ओर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। प्रशासन की कथित उपेक्षा से नाराज होकर स्थानीय युवाओं ने रविवार को सूर्य मंदिर तालाब सफाई अभियान चलाया।
गांव के उपमुखिया संतोष कुमार, छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रौशन कुमार, उपाध्यक्ष गौतम कुमार और व्यवस्थापक अविनाश कुमार ने ग्रामीण युवाओं की टोली बनाकर सफाई अभियान चलाया। युवाओं ने तालाब से काई और कचरा निकाला तथा मंदिर परिसर में झाड़ू-बुहार कर सफाई की। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर तक पहुंचने के लिए केवल एक मार्ग है, जो प्रखंड मुख्यालय से मंदिर को जोड़ता है। यह सड़क भी जर्जर अवस्था में है। प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं गया, तो ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर और श्रमदान से जेसीबी की मदद से रास्ते को समतल कराया। इसके साथ ही बांस-बल्ले लगाकर घाट को भी दुरुस्त किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हर साल छठ के मौके पर नवादा, गया और नालंदा के अलावा दूसरे राज्यों और नेपाल तक से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बावजूद मंदिर परिसर में स्थायी शौचालय, पेयजल और घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। फिलहाल ग्रामीणों के श्रमदान से मंदिर परिसर की सफाई की गयी है। बांस की बैरिकेडिंग, अस्थायी चेंजिंग रूम और मेले की तैयारी भी स्थानीय स्तर पर की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि छठ के दौरान यहां सफाईकर्मी, पेयजल टैंकर, एंबुलेंस और पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। अंचलाधिकारी रईस आलम ने बताया कि प्रशासन की ओर से मंदिर के तालाब के पास प्रशिक्षित तैराक और पुलिस बल की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरोवर में कोई व्यक्ति डूबने की घटना का शिकार न हो और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
भईया जी की रिपोर्ट