नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड के ओड़ो गांव में श्री लक्ष्मी कला परिषद की ओर से आयोजित 92 वें लक्ष्मी पूजनोत्सव और पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक आयोजन हुआ। गांव स्थित लक्ष्मी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और परिषद के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
आईजी विकास वैभव ने अपने संबोधन में कहा कि ओड़ो गांव में पिछले 92 वर्षों से सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ लक्ष्मी पूजनोत्सव का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने बिहार को आगे बढ़ाने और अपराध-मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और समृद्ध परंपराओं को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने का बेहतरीन माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने ‘घर की बर्बादी’ नाटक का मंचन किया। इसमें शराब और दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। नाटक में राकेश, सुप्रिय कुमार, संजय कुमार, विकास कुमार, आनंद कुमार, शिवेश कुमार और सन्नी कुमार ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। ‘पोरस सिकंदर’ और ‘श्रीकृष्ण’ नाटक में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को ‘स्व. बटोही सिंह स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार, सचिव दीपक कुमार, उपाध्यक्ष प्रियरंजन सिंह, निदेशक रामानुग्रह सिंह, धीरेन्द्र कुमार, प्रमोद कुमार और राजेन्द्र प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभायी।
भईया जी की रिपोर्ट