नवादा : क्रिकेट का मैदान, खेल का जुनून और फिर अचानक विवाद। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि 16 वर्षीय किशोर की जान चली गयी। नगर थाना क्षेत्र के जेल रोड में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट में गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार की इलाज के क्रम में मौत हो गयी। किशोर की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। जिस घर में कुछ दिन पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान जेल रोड निवासी अनिल रविदास के पुत्र आदित्य कुमार (करीब 16 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, धनतेरस के दिन क्रिकेट खेलने के दौरान आदित्य का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि खेल के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गयी। इस दौरान आदित्य के साथ मारपीट की गयी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से ही उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी और उसका इलाज कराया जा रहा था। आखिरकार इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गयी।
क्रिकेट खेलने के दौरान आखिर ऐसी कौन-सी बात हुई कि विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया? किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी और मारपीट में कौन-कौन शामिल थे? इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है। घटना के वास्तविक कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी जुटायी जायेगी।
किशोर की मौत के बाद नगर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि मौत की सूचना मिलने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जायेगा। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
16 वर्षीय आदित्य की मौत के बाद अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। धनतेरस के दिन हुए विवाद से लेकर हुई मौत तक के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल जरूरी है। विवाद की शुरुआत कैसे हुई, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और घटना के बाद क्या परिस्थितियां रहीं, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी। जेल रोड में किशोर की मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
भईया जी की रिपोर्ट