नवादा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नवादा शहर के प्रमुख छठ घाटों पर तैयारियां तेज हो गयी हैं। इसी क्रम में जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने मिर्जापुर स्थित प्रमुख सूर्य घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रहे निर्माण और साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने घाट पर व्रतियों के आने-जाने के लिए बनाये जा रहे चैनल, बिजली, रोशनी और साफ-सफाई की स्थिति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. साथ ही श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि छठ बिहार की आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण महापर्व है। ऐसे में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट