नवादा : मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है। इसे सच कर दिखाया है जिले की जीआईपी पब्लिक स्कूल पकरीबरावां की छात्रा साक्षी ने। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच साक्षी ने अपनी तकनीक, आत्मविश्वास और दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। कांस्य पदक जीतकर उन्होंने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी सफलता से यह भी साबित हुआ कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। साक्षी की इस उपलब्धि में विद्यालय के खेल शिक्षक विकास कुमार का प्रशिक्षण और निदेशक रंजीत रंजन का निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। अपनी सफलता पर साक्षी ने दोनों शिक्षकों सहित विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
साक्षी की कामयाबी पर निदेशक रंजीत रंजन और खेल शिक्षक विकास कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि साक्षी की यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी सफलता से संदेश मिलता है कि बेटियों को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
भईया जी की रिपोर्ट