नवादा : परिवहन विभाग, बिहार, पटना तथा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर 27 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में सद्भावना चौक, सदर अस्पताल, धर्मशिला मोड़, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रखंड कार्यालय और समाहरणालय सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गयी। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 754 वाहनों को चिह्नित किया गया। इनके विरुद्ध 63,77,448 रुपये की शमन राशि का ई-चालान निर्गत किया गया।

जांच के दौरान बिना वैध कागजात वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की गयी। प्रशासन ने नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लिया है। जांच के दौरान तीन वाहनों के नाबालिगों द्वारा परिचालित किये जाने पर कुल 91 हजार रुपये का चालान किया गया। वाहन मालिकों को चेतावनी दी गयी कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए नहीं सौंपें। नियमों की अनदेखी करने पर वाहन का निबंधन और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिना पंजीकरण और जरूरी कागजात के टोटो एवं ई-रिक्शा चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गयी। अभियान के दौरान कुल 178 ई-रिक्शा और टेम्पो के विरुद्ध लगभग 13.50 लाख रुपये का चालान निर्गत किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित मानकों के वाहनों का परिचालन स्वीकार नहीं किया जायेगा।
5 नवंबर को जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में सदर अस्पताल समेत जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 21 एम्बुलेंस के विरुद्ध 78,975 रुपये की शमन राशि की कार्रवाई की गयी। जांच में एक एम्बुलेंस पर ‘इंडियन रेड क्रॉस’ लिखकर बिना एम्बुलेंस के रूप में निबंधन कराये परिचालन किये जाने का मामला सामने आया। अल्टरेशन और अन्य अनियमितताओं को लेकर इस वाहन पर 28,975 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सदर अस्पताल परिसर और आसपास जांच के दौरान तीन एम्बुलेंस पर विभिन्न धाराओं के तहत 52,475 रुपये का चालान निर्गत किया गया।

वाहन जांच अभियान रजौली चेकपोस्ट के अलावा नवादा, हसुआ, वारिसलीगंज, रोह और राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न स्थानों पर चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट इस्तेमाल, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और ओवरलोडिंग की जांच की गयी। टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों के कागजात भी खंगाले गये।
जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों हेलमेट का इस्तेमाल करें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। उन्होंने नो-पार्किंग क्षेत्र और सड़कों के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

भईया जी की रिपोर्ट
