नवादा : जिले के वारिसलीगंज शहर को जाम मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में नगर परिषद ने अहम फैसला लिया। नगर परिषद कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित सामान्य समिति की बैठक में पुलिस की ओर से लागू नो एंट्री व्यवस्था में सर्वसम्मति से आंशिक संशोधन का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने और बाजार में यातायात सुचारू रखने को लेकर भी कई निर्णय लिये गये। बैठक की अध्यक्षता सभापति रेखा देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी समीर कुमार ने किया।

बैठक में उपसभापति अरुण प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर तय किया गया कि बसें बाइपास से पटेल चौक होकर बाजार में प्रवेश करेंगी। इसके बाद सवारी लेकर थाना चौक से शहीद चंदन सिंह चौक होते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी। पीकअप और मैजिक मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जायेगी, ताकि व्यापारिक गतिविधियां बाधित न हों और बाजार में सामानों की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सख्त निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक माह तीन बार माइकिंग कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी। इसका उद्देश्य पैदल चलने वालों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराना और बाजार में व्यवस्था बनाये रखना है। बैठक में वार्ड पार्षद राम पदारथ सिंह ने प्रत्येक वार्ड की आशा कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपने संबंधित क्षेत्र के प्रत्येक घर का भ्रमण करने को कहा। राशन कार्ड निर्माण से जुड़े सवाल पर आपूर्ति पदाधिकारी गुंजन भारती ने स्पष्ट किया कि अंत्योदय योजना का लाभ सिर्फ विधवा और दिव्यांगजनों को मिलेगा।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता राजीव रंजन ने प्रदूषण मुक्त बिजली और बिजली बचत परियोजना के तहत घरों की छत पर विभिन्न क्षमता के सोलर सिस्टम लगाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सब्सिडी के साथ आसान ऋण की सुविधा भी दी जा रही है। इच्छुक लोग इसका लाभ उठा सकते हैं। साथ ही कुछ वार्डों में बिजली के तार और पोल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के उपाय भी बताये गये।

बैठक में सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरती अर्चना, कनीय अभियंता (विद्युत) राहुल कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी गुंजन भारती, वार्ड पार्षद श्वेतांक कुमार टोनी, राम पदारथ सिंह, पंकज कुमार, रंजीत कुमार, रंजना देवी, सोनी कुमारी, सूरज कुमार, पिंकी कुमारी, अविनाश शंकर शर्मा, मुकेश कुमार, विभा कुमारी सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास और बेहतर व्यवस्था के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
भईया जी की रिपोर्ट

