नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
इस दौरान कुल 23 परिवाद प्राप्त हुए। जनसुनवाई में ग्राम-दीरी, थाना-नेमदारगंज के कैलाश रविदास द्वारा शाखा प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया द्वारा लोन पास नहीं करने के संबंध में, ग्राम-बेला, थाना-अकबरपुर के वाहन चालक कृष्ण मुरारी द्वारा स्कूल का चालक भत्ता नहीं मिलने तथा अभद्र व्यवहार के संबंध में, ग्राम-ननौरा, थाना-नवादा के रामखेलावन रविदास द्वारा ताड़ का वृक्ष कटवाने के संबंध में, ग्राम-सम्हरीगढ़, थाना-रोह के मंटु कुमार द्वारा जमीन से संबंधित, ग्राम-महमदलीचक, ढिबरी समाय, पंचायत-समाय, थाना-मुफस्सिल के ग्रामीण जनता द्वारा नया प्राथमिक विद्यालय खोलने के संबंध में तथा ग्राम-उमराँव बिगहा, अंचल-हिसुआ की अनिता देवी द्वारा भूमि विवाद के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएँ जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें तथा परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराना सुनिश्चित करें।
भईया जी की रिपोर्ट