नवादा : जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के राजकीय पॉलिटेक्निक खनवां में 1 और 2 नवंबर को दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों और संस्थान के शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना था। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य प्रो. अभिषेक कुमार ने अभिभावकों से संवाद करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्थान और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग आवश्यक है।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों की कक्षा में उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, आंतरिक मूल्यांकन और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी। शिक्षकों ने अभिभावकों को उनके पाल्यों की शैक्षणिक स्थिति और प्रगति से अवगत कराया तथा प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिया। इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किये।
शिक्षकों और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों में अनुशासन, नियमितता, जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल दिया। संस्थान का मानना है कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग जरूरी है। संस्थान के अनुसार, इस तरह की बैठकें विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने, उनकी प्रगति का मूल्यांकन करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य प्रो. अभिषेक कुमार सहित सभी संबंधित व्याख्याताओं और विद्यार्थियों के अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही।
भईया जी की रिपोर्ट