नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र में वाहन सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 75 शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल, रजौली में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। एमवीआई सिद्धु कुमार और प्रवर्तन अवर निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद सरकारी एंबुलेंसों सहित अन्य वाहनों के कागजात की जांच की गयी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राघवेंद्र भारती भी मौजूद रहे।

एमवीआई सिद्धु कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मरीजों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस को मानकों के अनुरूप और दुरुस्त रखना है। निरीक्षण दल ने एंबुलेंसों की तकनीकी स्थिति, चालक और तकनीशियन की उपलब्धता, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र, वाहन बीमा तथा ऑक्सीजन सिलेंडर जैसे जीवन रक्षक उपकरणों की व्यवस्था का जायजा लिया।
एमवीआई ने स्पष्ट किया कि निजी या संचालित एंबुलेंसों में किसी तरह की अनियमितता अथवा मानकों का उल्लंघन मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी। हालांकि, निरीक्षण के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल के सामने एक भी निजी एंबुलेंस नहीं मिली। औचक जांच अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वाहनों में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आपातकालीन परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाना है। प्रशासन की इस कार्रवाई से एंबुलेंसों की उपलब्धता, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद जतायी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट

