नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नहर के पास तेज रफ्तार सरकारी बस की टक्कर से 40 वर्षीय मजदूर मुरारी पासवान की मौके पर मौत हो गई। मृतक बेगूसराय जिले के रहने वाले थे और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए नवादा में रहकर एक बोरा फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। रविवार को भदोखरा से फैक्ट्री जाने के दौरान पटना की ओर जा रही बस ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मुरारी पासवान अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर बस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट
